पंजाब में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट, 10 जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी
पंजाब में शनिवार को कोहरे और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 48 घंटे के शुष्क मौसम के बाद कल धूप खिली और तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिससे लोगों को मामूली राहत मिली। हालांकि, राज्य का तापमान 20 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 48 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पंजाब के 10 जिलों में धुंध को लेकर ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, पटियाला और मलेरकोटला शामिल हैं। बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, 11 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट भी जारी किया गया है, जिनमें मानसा और बरनाला में ओरेंज अलर्ट और अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 21-22 जनवरी को पंजाब में बारिश हो सकती है, क्योंकि नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है।
अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और मोहाली में घनी धुंध का अलर्ट जारी किया गया है, और तापमान 8-21 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।